Header Ads

test

लूटने की घटना से आक्रोशित लोगों ने रास्ता रोका

पीलीबंगा। एक व्यापारी श्यामसुंदर रोहतकिया को घायल कर लूटने की घटना से आक्रोशित लोगों ने शनिवार को यहां एसडीएम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर चक्का जाम किया। घटना के विरोध में अनाज मंडी में दुकानें बंद रहीं। नाराज लोग नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में उपखंड कार्यालय के समक्ष पहुंचे। यहां सभा में पूर्व पालिकाध्यक्ष रामेश्वरलाल पेड़ीवाल, मालचंद सारस्वत, शांतिलाल दफ्तरी, व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजमोहन जिंदल, किरयाना यूनियन के अध्यक्ष लालचंद यादव, शिक्षण समिति अध्यक्ष जगजीत सिंह सिद्धृू, किसान सभा के रामकुमार खिलेरी, संभाग उपाध्यक्ष प्रेम बेनीवाल, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनिल चौधरी और किसान सभा के तहसील संयोजक गोपाल बिश्नोई तथा भाजपा उपाध्यक्ष द्रोपदी मेघवाल ने विचार व्यक्त किए।

प्रदर्शनकारियों ने उपखंड कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर धरना देकर जाम लगा दिया। जिसे कुछ समय बाद हटा लिया।  व्यापारमंडल अध्यक्ष जिंदल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपखंड अघिकारी करतार सिंह मीणा को ज्ञापन सौंपा।

कार्रवाई का आश्वासन
प्रशासनिक अघिकारियों व व्यापार मंडल प्रतिनिघियों के बीच वार्ता में संगठन प्रतिनिघियों ने प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। एकता मंच के पूर्व अध्यक्ष अमर गर्ग ने पुलिस व प्रशासन पर समाजसेवी संगठनों की गतिविघियों पर रोक लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने थानाप्रभारी को तुरंत निलंबित करने, नए मंडी यार्ड के सामने शराब के ठेके को हटाने, पूर्व में हुई चोरियों का सुराग लगाने तथा यार्ड के सामने पुलिस चौकी बनाने की मांग की। अधिकारियों ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कल से बेमियादी प्रदर्शन
विभिन्न संगठनों के बीच विचार-विमर्श के बाद रविवार तक मांगे पूरी नहीं होने पर सोमवार से उपखंड कार्यालय के सामने बेमियादी धरने व प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।


No comments