Header Ads

test

सार्वजनिक निर्माण मंत्री ने हनुमानगढ़-सूरतगढ़ फोरलेन का निर्माण बहुत घटिया माना

राज्य के सार्वजनिक निर्माण मंत्री भरत सिंह ने माना है कि हनुमानगढ़-सूरतगढ़ फोरलेन का निर्माण बहुत घटिया हुआ है। निर्माण में गुणवत्ता और नियम-कायदों की अनदेखी की गई है। उन्होंने इतना गुणवत्ताहीन निर्माण पहले नहीं देखा। उन्होंने कहा कि ग्राफोमीटर से सड़क को देखा गया है। लग ही नहीं रहा है कि सड़क नई बनी है। अधिकारियों ने फोरलेन का कबाड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सुधार करवाएंगे। दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों को बक्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री भी नाराज

मंत्री ने कहा कि फोरलेन निर्माण को लेकर राज्य सरकार के पास बहुत शिकायतें पहुंच रही थीं। मुख्यमंत्री भी घटिया निर्माण को लेकर नाराज थे। उन्होंने कहा कि सड़क के निरीक्षण के बाद शिकायतें सही प्रतीत हो रही हैं। लागत के अनुरूप सड़क निर्माण नहीं हुआ है। 

करना ही पड़ेगा सुधार 
आरएसआरडीसी के अधिशासी अभियंता पीएस अग्रवाल को पहले एपीओ करने और फिर वापस नियुक्त करने के सवाल कर भरत सिंह ने कहा कि जिन्होंने सड़क का निर्माण गुणवत्ताहीन किया है, उनसे ही सुधार करवाएंगे। खराब कोई करें और उसे दुरूस्त दूसरा करे, ऎसा नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह छह माह बाद पुन: फोरलेन को देखने आएंगे।

छह माह में बदल दूंगा तस्वीर 
भरत सिंह ने कहा कि वह अभी सानिवि की कार्यप्रणाली को समझ रहे हैं। पूरे राज्य की सड़कों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक नक्शा तैयार कर उसके अनुरूप चल रहा हूं। छह माह में पूरे विभाग की तस्वीर बदल दूंगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी वहीं रहेंगे लेकिन उन्हें काम करने का तरीका बदलना पड़ेगा। किसी को बदल देना समस्या का समाधान नहीं है। पंचायत राज में भी उन्होंने व्यवस्था को बदला था।

लगाएंगे नागरिक सूचना बोर्ड 
उन्होंने कहा कि कार्य में पारदर्शिता लाने के लिए नागरिक सूचना बोर्ड प्रणाली लागू की जा रही है। 
सड़क निर्माण पर सड़क निर्माण की अवधि, उसकी गारंटी अवधि, ठेकेदार की रखरखाव सीमा, कार्य लागत, क्या क्या कार्य हुए, अधिकारियों के नम्बर आदि का विवरण लिखा जाएगा। इससे जनता अपने आप नियमानुसार कार्य नहीं करने वाले अधिकारियों व ठेकेदारों से निपटेगी।

टोल सड़कों के नाम पर मनमानी
भरत सिंह ने माना कि टोल सड़कों के निर्माण के नाम पर मनमानी हो रही है। बनी हुई सड़कों को ही फिर से बनाया जा रहा है। टोल नाकों को बनाने के लिए भी नियम-कायदों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि जिले के टोल नाकों की शिकायतें भी मिली हैं,  अब कमरों में बैठकर टोल नाके नहीं बनेंगे।

सड़क निर्माण प्राथमिकता 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में सड़क निर्माण भी है। उन्होंने कहा कि आवागमन सुचारू और बाधा रहित होगा तो विकास होगा।

No comments