Header Ads

test

प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के 75 वर्ष पूरे होने पर मनाया ‘अमृत महोत्सव’

पीलीबंगा |
"मनुष्य ने विज्ञान एवं टैक्नोलॉजी से सुख-सुविधा के अनेक भौतिक साधन तो बना लिए परंतु इन संसाधनों से भी संतुष्टि प्राप्त नहीं कर पा रहा हैं। वर्तमान के भौतिकवादी युग में अपने-अपने ढंग से पूजा-अर्चना करने वाले लोग भी दुख और अशांति से अछूते नहीं हैं।" यह विचार प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के माउंट आबू स्थित मुख्यालय से आई राजयोगिनी ब्रह्मकुमारी गीता बहिन ने रविवार को अग्रवाल धर्मशाला में कहे। विश्वविद्यालय की स्थानीय शाखा द्वारा मनाए जा रहे प्लेटिनम जुबली समारोह में संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि मनुष्य सुख के लिए जो संबंध बनाता है, वहीं उसके लिए दुख का कारण बन जाते हैं। यदि मनुष्य जान ले कि मैं एक चेतन शक्ति आत्मा हूं और सुख, शांति, आनंद व प्रेम को आत्मा के मूल गुण मानते हुए अपने में इन्हें जागृत कर लें तो अवश्य ही मनुष्य जीवन जीने की कला सीख जाएगा। उन्होंने कहा कि परमात्मा तो एक हैं और वह निराकार ज्योति स्वरूप हैं। कार्यक्रम में बीकानेर संभाग की संचालिका राजयोगिनी कमल बहिन ने राजयोग के रहस्यों के बारे में बताते हुए उपस्थित जनसमूह को राजयोग का अभ्यास करवाया। सूरतगढ़ ब्रांच की संचालिका ब्रह्मकुमारी रानी बहिन ने विश्वविद्यालय के क्रियाकलापों पर रोशनी डाली। ब्रह्मकुमार विनोद गोयल व ब्रह्मकुमारी नैना बहिन ने विश्वविद्यालय की कार्य विधि, स्थापना, एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजमोहन ङ्क्षजदल, इंदिरा गांधी मैमोरियल महाविद्यालय के प्राचार्य जे.पी.सिंह, सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा.रामप्रताप पूनियां, डा.चंद्रप्रकाश कालड़ा ने विचार रखते हुए विश्वविद्यालय से जुड़े अपने अनुभवों को बांटा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय से जुड़े नन्हें बच्चों ने गीत व नृत्य प्रस्तुत किए। इंदौर से आई ब्रह्मकुमारी बबीता बहिन ने गीतिका प्रस्तुत की। राजयोगिनी गीता बहिन ने उपस्थित जनसमूह को नि:स्वार्थ भाव से समाज की सेवा करने का संकल्प दिलवाया। समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर संस्था द्वारा समारोह में बृजमोहन जिंदल, कृषि उपज मंडी समिति उपाध्यक्ष दर्शनलाल जिंदल, अमर गर्ग, जे.पी.सिंह, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य केशरदेव शर्मा, महिला मंडल अध्यक्ष विमला देवी जुनेजा, सेवानिवृत्त अध्यापक वीरपाल सिंह, इंदिरा गांधी कॉलेज के शारीरिक शिक्षक मलकीत सिंह, ओ.बी.सी. बैंक के शाखा प्रबंधक प्रदीप सिंह सहित अन्य लोगों को शाल ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन स्थानीय सेवा केंद्र की संचालिका रानी बहिन ने किया। 

No comments