Header Ads

test

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जनसभा में भाजपा पर साधा निशाना :25 मिनट के भाषण में गिनाई सरकार की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारी सरकार ने सिंचाई पानी के लिए आंदोलन करने वाले किसानों से प्यार और मोहब्बत से बात की लेकिन भाजपा सरकार में किसानों पर लाठियां बरसाई गईं। ये बात उन्होंने गुरुवार को पीलीबंगा में नवविकसित मंडी प्रांगण के उद्घाटन समारोह में कही। मुख्यमंत्री ने कहा आज राज्य में गरीबी व भुखमरी नहीं है। हर तरफ खुशहाली है। विकास की ऐसी क्रांति कोई भी सरकार नहीं लेकर आई। उन्होंने कहा कि कभी जहां सुई तक नहीं बनती थी, वहीं आज बिजली का उत्पादन हो रहा है। सूरतगढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि यहां सुपर क्रिटिकल इकाई स्थापित हुई है। इससे पहले भी यहां थर्मल बना, वो भी कांग्रेस सरकार में स्थापित हुआ। अब फलौदी में बिजली प्लांट बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वो समय दूर नहीं जब राजस्थान से अन्य राज्यों को बिजली मिलेगी। इससे पहले कार्यक्रम में कृषि विपणन राज्य मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर, सांसद भरतराम मेघवाल, पीलीबंगा विधायक आदराम मेघवाल व कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी आदि ने विचार रखे। 
समस्याएं बताई, पर नहीं हुई कोई बड़ी घोषणा 
चुनावी समय में मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर लोगों में काफी उम्मीद थी कि हनुमानगढ़ जिले को कोई बड़ी घोषणा सुनने को मिल सकती है। लेकिन मुख्यमंत्री ने अपने पूरे भाषण में सरकार द्वारा करवाए गए कार्य और योजनाओं की ही जानकारी दी। हालांकि मुख्यमंत्री के भाषण से पहले कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष ने हनुमानगढ़ जिले की विभिन्न समस्याओं के बारे में अवगत भी करवाया। सुरेंद्र दादरी ने कहा कि हनुमानगढ़ जिला हरियाणा सीमा से सटा होने के कारण यहां पेट्रोल और डीजल में पांच रुपए का फर्क पड़ता है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल डीजल पर वेट माफ करवाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने सूरतगढ़ और पीलीबंगा में सेम की समस्या का निराकरण हो, हनुमानगढ़ राइस बेल्ट घोषित हो, पेस्टीसाइड पर वेट माफ किया जाए। 
ये रहे कार्यक्रम में मौजूद 
मंच पर राज्य मंत्री चौधरी विनोद कुमार, संसदीय सचिव जयदीप डूडी, जिला प्रमुख शोभा डूडी, उप जिला प्रमुख शबनम गोदारा, कांग्रेस प्रभारी रेहाना रेहाज, सुचित्रा आर्य, संगरिया विधायक डॉ. परम नवदीप, साधना ब्यास, डीसीसी प्रवक्ता तरुण विजय, सौरभ राठौड़, विजय सिंह चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष सुखदेव सिंह जाखड़, पालिकाध्यक्षा शकीला गोदारा, कृषि उपज मंडी समिति चेयरपर्सन सावत्री देवी मेघवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष हनुमानप्रसाद रोहतकिया, किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुभाष गोदारा, यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष विनोद गोठवाल, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष रफीक मोहम्मद लोदी सहित कई कांग्रेसी नेता मंच पर मौजूद रहे। 
मंच पर चढऩे को लेकर हुई कहा-सुनी 
मुख्यमंत्री की सभा के लिए नवीन मंडी यार्ड प्रांगण में तैयार किए गए मंच पर चढऩे के लिए कांग्रेस के क्षेत्रीय दिग्गजों में होड़ मची रही परंतु मुख्यमंत्री के सुरक्षा दलों के सदस्यों ने उन्हें मंच के पास खड़े होने तक नहीं दिया। इस बात को लेकर कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं की सुरक्षाकर्मियों से कहासुनी भी हो गई। जिस पर वहां मौजूद प्रशासन व पुलिस के आला अफसरों ने मंच के पास आकर उनकी समझाइश कर माहौल को शांत किया। कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष शकीला गोदारा को मंच पर नहीं जाने दिए जाने से खफा पालिकाध्यक्ष व उनके पति किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुभाष गोदारा ने सभा के बाद क्षेत्रीय विधायक आदराम मेघवाल को खरी-खोटी सुनाई। परंतु विधायक ने इस भूल का जिम्मा प्रशासन पर डालते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया। 

No comments