Header Ads

test

मानकथेड़ी में कुआं धंसा दो मजदूरों की मौत

पीलीबंगा | मानकथेड़ी के बारानी क्षेत्र के एक खेत में सोमवार शाम को कुआं खोदते हुए दो मजदूर जमीन में दफन हो गए। लगभग पांच घंटे की जद्दोजहद के बाद प्रशासन ने दोनों को बाहर निकाला और सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मानकथेड़ी गांव के बारानी क्षेत्र में स्थित भगवानाराम बिश्नोई के खेत में चक ठाकरूवाला निवासी राजू (35) पुत्र जरनैल सिंह जटसिख एवं हरियाणा के रतिया का निवासी गुरतेजसिंह उर्फ कालासिंह (38) पुत्र मंगलसिंह बाजीगर कुआं खोद रहा था। तभी शाम के करीब पौने पांच बजे अचानक मिट्टी धंसने से दोनों कुएं के अंदर ही दब गए। सूचना मिलते ही तहसीलदार नरेश जोशी, डीएसपी पवन मीणा, थाना प्रभारी हरजिंद्र सिंह मय स्टाफ के मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से कुएं के आसपास की मिट्टी हटाकर दोनों श्रमिकों को बाहर निकालने का कार्य तुरंत प्रभाव से प्रारंभ करवाया। लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद दोनों श्रमिकों को बाहर निकाला गया। तहसीलदार नरेश जोशी ने बताया कि जब श्रमिकों को बाहर निकाला गया था, तब दोनों की थोड़ी सांस चल रही थी। इसके बाद तुरंत एंबुलेंस से दोनों को सूरतगढ़ सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवाया है।
घटना स्थल पर अंधेरे के कारण राहत कार्यों में कोई परेशानी नहीं आए। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर तुरंत जनरेटर व फोक्स लाइटों  की व्यवस्था करवाई।
मौके पर तैनात थे डॉक्टर : कुएं में दबे श्रमिकों को बाहर निकालते ही तुरंत उपचार दिया जा सके। इसके लिए अधिकारियों ने मौके पर ही डॉक्टर की ड्यूटी लगा रखी थी। जैसे ही दोनों श्रमिकों को बाहर निकाल गया डॉक्टर ने दोनों श्रमिकों का उपचार शुरू कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एंबुलेंस से सूरतगढ़ भेज दिया। 
तहसीलदार नरेश जोशी ने बताया कि मृतक के परिजनों को एक बार मुख्यमंत्री राहत कोष से 20-20 हजार रुपए दिया जाएगा। 

No comments