Header Ads

test

भगवान श्रीराम कथामृत समागम शुरू

पीलीबंगा। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में मंगलवार रात को गांधी स्टेडियम में भगवान श्रीराम कथामृत समागम शुरू हुआ। साध्वी गरिमा भारती ने रामजन्म प्रसंग सुनाते हुए कहा कि राम अंधकार में प्रकाश द्योतक है। साध्वी ने कहा कि भगवान श्रीराम ने मानवीय चोले को अंगीकार कर त्रेता युग में अवतार लेकर आसुरी प्रवृतियों का विनाश किया। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति के अनुसार धर्मेण हीना: पशुभि समाना अर्थात धर्म से दूर रहने वाला मनुष्य पशु के समान आचरण करता है। कथा समापन पर भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नाच गाकर संकीर्तन के साथ आरती की।

इससे पूर्व उपखंड अघिकारी करतारसिंह मीणा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मनीराम महिया, पालिकाध्यक्ष शकीला गोदारा, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजकुमार फण्डा, पालिका उपाध्यक्ष कमलापति जैन व प्राचार्य सतीश शर्मा तथा व्यवस्थापक श्यामसुंदर स्वामी मौजूद थे।

भक्ति से भगवान वश में होते है
भक्ति की शक्ति से भगवान भी भक्त के वश में हो जाते हैं। भक्त सदैव गुरू चरणों की प्रीत चाहते हैं। संत निरंकारी मंडल के तत्वावधान में मंगलवार को हुए सत्संग में प्रचारक गुरदेवसिंह ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि सभी युगों में पीर पेगम्बरों व संतों ने यही संदेश दिया है कि इन्सानी जीवन में ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति आवश्यक है। कार्यक्रम  में जीवन कुमार, श्रवण कुमार, करमसिंह योगी, हरजीतकौर, भींयाराम, साधुराम निरंकारी, नत्थूराम ने भी संबोघित किया।

No comments