Header Ads

test

कुआं ढहने से मौत

पीलीबंगा। चक 44 एनडीआर में गुरूवार को कुएं की खुदाई करते समय मिट्टी के ढेर के नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान महेश (22) पुत्र मोहन लाल सोनी के रूप में हुई है।  महेश गुरूवार सुबह दस बजे अपने खेत में स्थित पुराने कुएं में उतर कर मिट्टी की खुदाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक कुएं की मिट्टी व ईटें ढहकर खुदाई कर रहे महेश पर जा गिरी। इससे वह उसके नीचे दब गया। कुएं के बाहर खड़े उसके चाचा नोरंगलाल ने शोर मचाया।

शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंच गए।  किसान ट्रैक्टर, ट्रॉली, कस्सी व बट्ठल की सहायता से मिट्टी बाहर निकालने में जुट गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद महेश को कुएं से बाहर निकाला जा सका। उसकी हालत गंभीर होने पर किसानों ने 108 एम्बुलेंस को सूचित किया। एम्बुलेंस व चिकित्सक मौके पर पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार अशोक शर्मा, सरपंच सादुल भादू व कृषि उपज मंडी समिति सदस्य ओमप्रकाश भादू भी मौके पर पहुंच गए। राजकीय चिकित्सालय मे पोस्टमार्टम के बाद महेश का शव परिजनों को सौंप दिया गया। उसकी मौत की सूचना पर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

No comments