Header Ads

test

डॉक्टर्स की हड़ताल का कहर

डबलीराठान | समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण मंगलवार देर रात मासूम विक्रम की मौत हो गई तो दूसरी तरफ रेस्मा के तहत जेल में बंद आंदोलनरत चिकित्सक डॉ. वी.के. शर्मा बीमार हो गए। तबीयत ज्यादा बिगडऩे पर जेल प्रशासन ने बीमार चिकित्सक को टाउन के सिविल अस्पताल पहुंचाया लेकिन वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों के नहीं होने के कारण उन्हें गेट अस्पताल रेफर किया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। बुधवार दोपहर उनके शरीर में शुगर डाउन होने से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टर्स की हड़ताल के चलते हनुमानगढ़ जिले में अब तक तीन लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा है। डबलीराठान के तीन वर्षीय विक्रम मंगलवार शाम को एक बस की चपेट में आने से घायल हो गया था। उसके सिर में गंभीर चोटें आई थी। परिजन पहले तो उसके इलाज के लिए हनुमानगढ़ भटकते रहे। यहां इलाज नहीं मिला तो श्रीगंगानगर भागे लेकिन विक्रम को नहीं बचाया जा सका। इसी तरह एक दिन पहले घायल संदीप की जान चली गई और जरनैल सिंह की मौत सरकारी अस्पताल में इलाज के अभाव में तीन दिन पहले ही हो गई थी। बुधवार को भी चिकित्सकों की हड़ताल जारी रहने से मरीजों को भटकना पड़ा। इस बीच हड़ताल पर चल रहे दो चिकित्सक कार्य पर लौट आए। कर्मचारी संघों ने चिकित्सकों की मांगों के समर्थन में बुधवार को काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। 

No comments