Header Ads

test

'विनम्रता और करुणा को जीवन में अपनाएं' आचार्य महाश्रमण

हनुमानगढ़ :आचार्य महाश्रमण का दल जयघोष के बीच विहार करते हुए रविवार को हनुमानगढ़ जंक्शन पहुंचा। श्रीगंगानगर रोड पर रैली के रूप में शामिल हुए जैन समाज के लोग आचार्य को जंक्शन स्थित तेरापंथ भवन लेकर आए। इस रैली में स्कूली बच्चों ने भी भाग लिया। इस दौरान रैली में ओम अर्हम के जयघोष सुनाई दिए। इसके बाद तेरापंथ भवन में प्रवचन कार्यक्रम हुआ। इसमें आचार्य महाश्रमण ने कहा कि जिस परिवार में शांति है वहीं स्वर्ग है। उन्होंने जीवन को जीने की कला के बारे में कहा कि यदि विनम्रता, प्रेम-भाव और करुणा तथा शांति के सूत्रों को अपना लो तो जीवन सफल है। आचार्य ने करीब एक घंटे तक प्रवचन कार्यक्रमों में अहिंसा, संयम तथा सदभावना का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संयमी पुरुष कठिन से कठिन कार्य कर सकता है। इसलिए हमेशा इन सूत्रों को अपने जीवन चरित्र में अपनाओ। इसके बाद जंक्शन महिला मंडल तथा युवक परिषद ने मंगलाचरण एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अध्यक्ष विजय लूणावत एवं आंचलिक अध्यक्ष कृष्ण जैन, महिला मंडल अध्यक्ष मधु दफ्तरी आदि ने स्वागत में विचार रखे। इस मौके पर युवक परिषद के विनोद दुग्गड़, बहादुर चंद जैन, डॉ. पारस जैन, संरक्षक भगवान दास बंसल, राजकुमार जैन, सचिव अमित जैन, नरेंद्र गुप्ता आदि समाज के कई लोग मौजूद थे। दोपहर दो बजे पारिवारिक गोष्ठी का आयोजन हुआ। इस मौके पर वहीं आचार्य के दर्शनों के लिए काफी संख्या में जैन समाज के लोग पहुंचे। उल्लेखनीय है आचार्य महाश्रमण लाडनूं में चातुर्मास करने के बाद दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। इनका अगला चातुर्मास दिल्ली में होगा। 
टाउन में आज होंगे प्रवचन कार्यक्रम 
शुक्रवार को आचार्य महाश्रमण सुबह सात बजे जंक्शन से टाउन के लिए विहार करेंगे। इसके बाद सुबह दस बजे टाउन नई मंडी में व्यापारियों व नागरिकों को प्रवचन दिए जाएंगे। दोपहर दो बजे तेरापंथ भवन में शिक्षा सम्मेलन में वे शामिल होंगे। रात आठ बजे भी प्रवचन कार्यक्रम होगा। 
 

No comments