Header Ads

test

व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा- जहर मुक्त खेती से ही बचेगा सबका जीवन

पीलीबंगा| व्यापार मंडल सभागार में बुधवार को संस्था हकीकत द्वारा व्यापार मंडल के सहयोग से कुदरती खेती जनजागरुकता विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन व्यापार मंडल के अध्यक्ष शांतिलाल दफ्तरी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए दफ्तरी ने कहा कि जहरमुक्त खेती से ही हम सबका जीवन बच पाएगा और इसके लिए जन जागरुकता के लिए हकीकत के प्रयास वास्तव में ही सराहनीय हैं। इससे पूर्व उन्होंने हकीकत द्वारा उत्पादित उत्पाद व पोस्टर्स का गहराई से अवलोकन करते हुए उनके संबंध में हकीकत के पदाधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। हकीकत के संरक्षक ओमप्रकाश मांझू ने कहा कि हम सबका भविष्य कुदरती खेती पर ही निर्भर है किंतु कुदरती खेती फूलों की सेज नहीं कांटे की धार है। उन्होंने कुदरती खेती के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए उत्पादकों व उपभोक्ताओं की विभिन्न शंकाओं का समाधान किया तथा हकीकत की गत दो वर्षों की प्रगति व भावी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में हरियाणा के बहिया गांव से आए मांगेराम नेहरा, पीलीबंगा गांव से आए भागीरथ बेनीवाल ने अपने अनुभव बताए। इस अवसर पर बंशीलाल दुग्गड़, स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष मूलचंद बांठियां, विजय दुग्गड़, चेतराम सहित अनेक व्यापारी तथा हकीकत के कोषाध्यक्ष प्रवीण गोदारा व सदस्य मदन ज्याणी, बृजमोहन भादू, प्रेमसुख महिया, भागीरथ बेनीवाल, तनुज मांझू, विजय गोदारा एवं अन्य किसानों ने भाग लिया।

No comments