Header Ads

test

इस वर्ष का सबसे लंबा चंद्र ग्रहण कल लगेगा, रात 11:54 पर होगा शुरू


इस साल का सबसे लंबा और आखिरी चंद्र ग्रहण 27 जुलाई को लगेगा। ग्रहण मकर राशि और उतराषाढ़ नक्षत्र पर शुरू होकर श्रवण नक्षत्र पर समाप्त होगा। यह इस वर्ष का दूसरा चंद्र ग्रहण है। ज्योतिषविद के मुताबिक चंद्र ग्रहण की शुरुआत 27 जुलाई को रात 11:54 पर मेष लग्न में शुरू होगी और मध्य रात 3:50 पर मिथुन लग्न में समाप्त होगा। आम तौर पर ग्रहण एक या डेढ़ घंटे की अवधि वाले होते हैं, लेकिन यह ग्रहण 4 घंटे तक रहेगा। माना जा रहा है कि इतना लंबा चंद्र ग्रहण इसके बाद सदी के आखिर तक दिखाई नहीं देगा। इससे पहले 16 जुलाई 2000 में ऐसा ग्रहण लगा था। यह संयोग ही है कि ग्रहण वाले दिन ही यानी 27 जुलाई को गुरु पूर्णिमा भी है, इसलिए इसका महत्व बढ़ जाता है। ग्रहण समाप्त होने के बाद 28 जुलाई को भोलेनाथ का प्रिय श्रावण मास शुरू हो जाएगा। इस माह श्रद्धालु महादेव को प्रसन्न करने के लिए पूजा-अर्चना करेंगे। 
ग्रहण से 9 घंटे पहले शुरू हो जाएगा सूतक, बंद होंगे मंदिरों के कपाट: चंद्र ग्रहण का सूतक 9 घंटे पहले शुरू हो जाता है। सूतक 27 जुलाई को दोपहर 2:54 पर शुरू होगा। इसके साथ ही मंदिरों के कपाट बंद हो जाएंगे। दुनिया के वैज्ञानिक इसे एक खगोलीय घटना मानते हैं, लेकिन भारतीय ज्योतिष में चंद्र ग्रहण का अति महत्व बताया गया है। चन्द्र ग्रहण के समय मकर राशि में उच्च मंगल के साथ बैठे चन्द्रमा को केतु ग्रसित करेगा, जिस पर कर्क राशि में बैठे सूर्य, राहू और बुध की पूर्ण दृष्टि होगी। 
ग्रहण काल के दौरान यह करें उपाय
ज्योतिषविद जगदीश सोनी ने बताया कि चंद्र ग्रहण के समय वातावरण दूषित होने के कारण इस दौरान भोजन आदि नहीं करना चाहिए। गर्भवती स्त्रियों को तो सूतक काल में भी घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। जल और खाने वाली चीजों में तुलसी के पत्ते या कुशा डाल देनी चाहिए। इसके साथ चंद्रमा का मंत्र ...ओम सो सोमायः नमः का जाप करना चाहिए। ओम नम: शिवाय मंत्र का जाप सर्वश्रेष्ठ है। ग्रहण से एक दिन पहले सिंदूर में थोड़ा घी मिलाकर घर के मुख्य द्वार पर स्वास्तिक बना देना चाहिए। इससे चन्द्र ग्रहण की निगेटिव एनर्जी घर से दूर रहती है। 
चार घंटे का ग्रहण मध्य रात्रि 3:50 पर मिथुन लग्न में होगा समाप्त, इस साल का यह दूसरा चंद्र ग्रहण होगा 
चंद्र ग्रहण का हर राशि पर पड़ेगा अलग-अलग असर-
मेष : इस राशि वालों के लिए सामान्य रहेगा। आर्थिक लाभ हो सकता है। 
वृष : इस राशि के जातक स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें। 
मिथुन : आठवें भाव में ग्रहण होने से अशुभ प्रभाव रहेगा। दुर्घटना और स्वास्थ्य का ध्यान रखें। 
कर्क : इस राशि के लिए अशुभ, दांपत्य जीवन में कष्ट, दुर्घटना की आशंका। 
सिंह : इस राशि के लिए सामान्य रहेगा। स्वास्थ्य का ध्यान अवश्य रखें। 
कन्या : संतान पक्ष को कष्ट हो सकता है। आर्थिक लाभ की भी संभावना। 
तुला : माता को कष्ट, भूमि भवन से लाभ मिल सकता है। शुभ प्रभावी रहेगा। 
वृश्चिक : इस राशि पर शुभ प्रभाव रहेगा, लेकिन स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें। 
धनु : पारिवारिक माहौल अशांत रह सकता है, मानसिक परेशानी होगी। 
मकर : इन जातकों के लिए अशुभ रहेगा। सभी तरह से सचेत रहना होगा। 
कुंभ : व्यर्थ भ्रमण और खर्च से परेशानी होगी। अदालती उलझने व विवाद से बचें। 
मीन : इन जातकों के लिए ग्रहण का प्रभाव शुभ है, आर्थिक लाभ की संभावना है। 

No comments