Header Ads

test

राजस्थान और गुजरात अलग मगर नाता एक ही : मोदी

पीलीबंगा के गांधी स्टेडियम में नरेंद्र मोदी ने किया चुनावी सभा को संबोधित 

भाजपा के स्टार प्रचारक नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में बैठी सरकार ने सीमा की रक्षा करने वाले सैकड़ों जवानों की विधवाओं के नाम के मकान अपने नाम करवा लिए। ये एक ऐसा मुद्दा है, जिसके कारण धरती उन कांग्रेसी नेताओं को कभी माफ नहीं करेगी। ये बात उन्होंने पीलीबंगा के गांधी स्टेडियम में सोमवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। अपराह्न पौने तीन बजे पीलीबंगा पहुंचे मोदी ने करीब 23 मिनट तक सभा को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि राजस्थान और गुजरात भले ही अलग-अलग हों लेकिन नाता एक ही है। गुजरात में भी हड़प्पा संस्कृति के अवशेष मिले हैं और यहां हनुमानगढ़ के पीलीबंगा में भी। क्या पता हमारे और आपके पूर्वज एक साथ रहे हों। यही नहीं वहां की पूजा और यहां की पूजा भी एक जैसी ही है। उन्होंने कहा कि गोगाजी की भूमि, सरस्वती का पट और मोहनजोदड़ो की धरा को प्रणाम करता हूं। गोगाजी वहां पूजे जाते हैं और गोगाजी यहां भी। 

उन्होंने कहा कि आदर्श घोटाला कर देश के जवानों को असहाय करने वाले ऐसे लोगों को राज करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर व्यंग्य करते हुए कहा कि शहजादे कहते हैं कि भाजपा बिजली, सड़क व पानी की बात करती है गरीब की नहीं। मोदी ने कहा कि इन्हीं से गरीब का भला होगा लेकिन शहजादे को इसका पता नहीं है। 

नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की सीमा पर पाकिस्तान हमारे जवानों के सिर काट कर ले जाता है लेकिन दिल्ली में बैठी सरकार उनके साथ जयपुर में चिकन-बिरयानी खाती है। पूछने पर बताती है कि यह प्रोटोकोल है। उन्होंने कहा कि मैं आप लोगों से पूछता हूं कि बिरयानी खाने का भी कोई प्रोटोकोल होता है। 


महात्मा गांधी का सपना अब भी अधूरा 

नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बात पर चुटकी लेते हुए कहा कि कुछ दिन पहले उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों पर चलना चाहिए। इस बात से भाजपा सहमत है। आप भी सहमत हो लेकिन महात्मा गांधी का एक सपना अब भी अधूरा है। महात्मा गांधी ने कहा था कि कांग्रेस को बिखेर देना चाहिए। वो बात उन्होंने नहीं मानी। उसे हम पूरा करेंगे। 



No comments